कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार भारत के लिए एक और यादगार दिन साबित हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने खबर लिखे जाने तक तीन स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य समेत कुल सात पदक अपने नाम किए। बॉक्सिंग में प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया ने स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगा बुलंद किया, जबकि जादूमणि सिंह ने पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड अपने नाम किया। पैरा एथलेटिक्स में सोमन राणा (स्वर्ण) और शुभम जुयाल (रजत) ने पुरुष शॉटपुट F57 में भारत को डबल सफलता दिलाई। वहीं, एथलेटिक्स में ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रावेल और सेल्वा प्रभु ने सफलता हासिल की। इन शानदार प्रदर्शनों की बदौलत भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 30 (8 स्वर्ण, 15 रजत और 7 कांस्य) हो गई। इसके बावजूद भारतीय दल पदक तालिका में छठे स्थान पर बना हुआ है।शुक्रवार को जूडो में रचा था इतिहासशुक्रवार को भारत ने जूडो में पहली बार दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर नया इतिहास रचा था। 48 किग्रा वर्ग में त्रिपुरा की अस्मिता डे राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। उन्होंने कनाडा की हेडी क्वाच को गोल्डन स्कोर में हराया। पुरुष 60 किग्रा वर्ग में हर्ष सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ कैट्ज को हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष बनने का गौरव हासिल किया। वहीं यामिनी मौर्य महिला 57 किग्रा वर्ग के गोल्डन स्कोर फाइनल में इंग्लैंड की एसिल्या टॉपराक से हारकर रजत पदक तक पहुंचीं।एथलेटिक्स में नीरज, यशवीर और तेजस्विन चमकेदो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर के सीजन बेस्ट थ्रो के साथ रजत पदक जीता। पदार्पण कर रहे यशवीर सिंह ने आखिरी प्रयास में 85.41 मीटर थ्रो कर कांस्य अपने नाम किया। श्रीलंका के रूमेश थरंगा पथिरागे ने 89.75 मीटर के साथ स्वर्ण जीता। वहीं तेजस्विन शंकर ने 7976 अंकों के साथ डेकाथलॉन में कांस्य जीतकर इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बनने के साथ लगातार दो राष्ट्रमंडल खेलों में अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक जीतने का रिकॉर्ड भी बनाया।