राष्ट्रमंडल खेलों के आठवें दिन भारत ने दो पदक हासिल किए हैं। पुरुषों के 110+ किलोग्राम भार वर्ग में लवप्रीत सिंह ने 388 किलो का भार उठाकर रजत पदक जीता। वहीं, महिलाओं के डिस्कस थ्रो में सीमा ने कांस्य पदक जीता है। उन्होंने 58.65 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। जबकि, भारोत्तोलन में ही मार्टिना देवी से पदक की उम्मीद थी, लेकिन वह महिला 86+ किलो वर्ग में पोडियम पर जगह बनाने से चूक गईं। पुरुष भाला फेंक में भारत को सफलता मिली और नीरज चोपड़ा सहित तीन भारतीय एथलीट फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर ने भी दमदार प्रदर्शन किया है। इसके अलावा पुरुष त्रिकूद में प्रवीण चित्रावले और सेल्वा प्रभु ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।ट्रैक साइकिलिंग के मेडल राउंड में नहीं पहुंचा भारतभारतीय पैरा साइकिलिस्ट लिशा दास महिलाओं की सी4-सी5 4,000 मीटर व्यक्तिगत परसूट क्वालिफाइंग स्पर्धा में छठे और अंतिम स्थान पर रहने के बाद प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। भारतीय दल की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाली देश की एकमात्र पैरा-ट्रैक साइकिलिस्ट 16 वर्षीय इस खिलाड़ी ने क्वालिफाइंग राउंड में 6:58.000 का समय निकाला, जिसमें उनकी औसत गति 34.450 किमी प्रति घंटा रही।पुरुष टीम स्प्रिंट क्वालिफाइंग राउंड में भी भारत सातवें स्थान पर रहा और मेडल राउंड के लिए क्वालिफाई नहीं कर सका। भारत के रोजित सिंह यांगलेम, डेविड बेकहम और रोनाल्डो सिंह की तिकड़ी 46.396 का समय लेकर सबसे नीचे सातवें स्थान पर रही। इस प्रतियोगिता के क्वालिफाइंग प्रारूप के तहत पहले दो स्थान पर रहने वाले राइडर स्वर्ण पदक की दौड़ में आगे बढ़ते हैं, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाले राइडर कांस्य पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं।